आपका शरीर कौन-सा भोजन सहन नहीं कर पा रहा? जानें 7 संकेत

Spread the love

आपका शरीर कौन-सा भोजन सहन नहीं कर पा रहा? Food Intolerance के 7 संकेत

Food Intoleranceक्या हर बार कोई एक ही चीज खाने के बाद आपकी तबीयत बिगड़ जाती है? या शरीर में कुछ दिक्कत होती है ? क्या आपने कभी महसूस किया है कि दूध पीने के बाद पेट फूल जाता है, चना या राजमा खाने के बाद गैस बनने लगती है, नींबू या खट्टा खाने से सिरदर्द होने लगता है या किसी खास भोजन के बाद हर बार भारीपन और बेचैनी होने लगती है?

अक्सर लोग इसे सामान्य पाचन समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यदि हर बार एक ही प्रकार का भोजन खाने के बाद ऐसी समस्या होती है, तो यह खाद्य असहिष्णुता (Food Intolerance) का संकेत हो सकता है। यह समस्या जानलेवा एलर्जी जैसी नहीं होती, लेकिन यदि इसे लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए तो यह आपकी दिनचर्या, पाचन और जीवन की गुणवत्ता पर असर डाल सकती है।

इस लेख में जानिए कि खाद्य असहिष्णुता क्या है, इसके 7 प्रमुख संकेत क्या हैं और कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

खाद्य असहिष्णुता (Food Intolerance) क्या है?

खाद्य असहिष्णुता ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर किसी विशेष भोजन या उसके किसी घटक को ठीक से पचा या सहन नहीं कर पाता। इसका परिणाम यह होता है कि उस भोजन को खाने के बाद पेट या शरीर में कुछ असहज लक्षण दिखाई देने लगते हैं। उदाहरण के लिए, कुछ लोगों को दूध पीने के बाद पेट फूलने लगता है, गैस बनने लगती है या दस्त हो जाते हैं। वहीं कुछ लोगों को गेहूं, सोयाबीन, राजमा, चना, प्याज या लहसुन जैसे खाद्य पदार्थ खाने के बाद बार-बार पेट संबंधी समस्याएं होने लगती हैं।

क्या आपका पेट तनाव की वजह से खराब हो रहा है? जानिए संकेत

ध्यान देने वाली बात यह है कि ये लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं और हर किसी को एक ही भोजन से समस्या नहीं होती। ऐसा कई कारणों से हो सकता है, जैसे- किसी पाचक एंजाइम की कमी (जैसे लैक्टेज), कुछ खाद्य पदार्थों के प्रति संवेदनशीलता, कुछ कार्बोहाइड्रेट का ठीक से न पचना, कुछ खाद्य योजकों (Food Additives) के प्रति प्रतिक्रिया।

उदाहरण के लिए, दूध में मौजूद लैक्टोज को पचाने के लिए शरीर को लैक्टेज (Lactase) नामक एंजाइम की आवश्यकता होती है। यदि यह एंजाइम पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता, तो दूध या अन्य डेयरी उत्पाद खाने के बाद गैस, पेट दर्द या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसे लैक्टोज असहिष्णुता (Lactose Intolerance) कहा जाता है।

कुछ मामलों में समस्या केवल एंजाइम की कमी नहीं होती, बल्कि शरीर कुछ खाद्य पदार्थों या उनमें मौजूद प्राकृतिक रसायनों के प्रति अधिक संवेदनशील होता है। इसके अलावा, कुछ लोगों को कुछ प्रकार के कार्बोहाइड्रेट, कृत्रिम मिठास (Artificial Sweeteners) या फूड कलर या प्रेज़रवेटिव पड़े खाद्य पदार्थ खाने के बाद भी परेशानी हो सकती है।

फ़ूड एलेर्जी और फ़ूड असहिष्णुता में क्या अंतर है?

यह समझना भी जरूरी है कि खाद्य असहिष्णुता, फूड एलर्जी (Food Allergy) से अलग होती है। फूड एलर्जी में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) प्रतिक्रिया करती है और कई बार गंभीर या जानलेवा स्थिति भी पैदा हो सकती है। जबकि खाद्य असहिष्णुता में समस्या आमतौर पर पाचन तंत्र या भोजन को सहन न कर पाने से जुड़ी होती है। इसके लक्षण असुविधाजनक हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में ये जानलेवा नहीं होते।

बढ़ती गर्मी में स्वस्थ व सुरक्षित रहने के 15 स्मार्ट हैक्स

कई लोग Food Allergy (खाद्य एलर्जी) और Food Intolerance (खाद्य असहिष्णुता) को एक ही समझते हैं, जबकि दोनों अलग-अलग स्थितियाँ हैं। इनके कारण, लक्षण और गंभीरता में काफी अंतर होता है।

Food Allergy (खाद्य एलर्जी)Food Intolerance (खाद्य असहिष्णुता)
प्रतिरक्षा तंत्र (Immune System) की प्रतिक्रिया होती है।मुख्यतः पाचन तंत्र या भोजन को सहन न कर पाने से जुड़ी होती है।
बहुत कम मात्रा में भी गंभीर प्रतिक्रिया हो सकती है।लक्षण अक्सर भोजन की मात्रा पर निर्भर करते हैं।
त्वचा पर चकत्ते, सांस लेने में कठिनाई, चेहरे या गले में सूजन जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं।गैस, पेट फूलना, भारीपन, पेट दर्द, दस्त या कब्ज जैसे लक्षण अधिक सामान्य होते हैं।
कुछ मामलों में यह जानलेवा (Anaphylaxis) भी हो सकती है और तुरंत चिकित्सा की आवश्यकता होती है।आमतौर पर जानलेवा नहीं होती, लेकिन बार-बार होने पर जीवन की गुणवत्ता प्रभावित कर सकती है।

ध्यान दें: यदि किसी भोजन के बाद सांस लेने में कठिनाई, गले या चेहरे में सूजन, तेज चक्कर या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे सामान्य Food Intolerance न समझें। यह Food Allergy की गंभीर प्रतिक्रिया हो सकती है और ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेना आवश्यक है।

खाद्य असहिष्णुता (Food Intolerance) के 7 संकेत

यहाँ कुछ प्रमुख संकेत दिए जा रहे हैं –

1. हर बार एक ही भोजन खाने के बाद गैस बनना

यदि आपको हर बार दूध, राजमा, चना, सोयाबीन या किसी अन्य विशेष भोजन के बाद ही गैस बनने लगती है, तो यह संयोग नहीं हो सकता। कई बार शरीर उस भोजन के कुछ घटकों को पूरी तरह पचा नहीं पाता। जब अधपचा भोजन बड़ी आंत (Colon) तक पहुंचता है, तो वहां मौजूद बैक्टीरिया उसे तोड़ते हैं। इस प्रक्रिया में हाइड्रोजन, मीथेन और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें बनती हैं। यही कारण है कि पेट फूलने, गैस बनने और बार-बार पाद आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

ध्यान रखें कि कभी-कभार गैस बनना सामान्य है, लेकिन यदि हर बार एक ही भोजन खाने के बाद ऐसा हो, तो यह खाद्य असहिष्णुता का संकेत हो सकता है।

पेट साफ नहीं होता या गैस रहती है? कारण और उपाय जानें

2. पेट फूलना (Bloating)

पेट फूलना केवल “ज्यादा खाने” से नहीं होता। जब कोई भोजन पूरी तरह नहीं पचता, तो वह आंतों में अधिक समय तक रहता है और बैक्टीरिया द्वारा उसका किण्वन (Fermentation) होने लगता है। इससे गैस बनती है और पेट तना हुआ या फूला हुआ महसूस हो सकता है। कई लोगों को ऐसा लगता है कि उनका पेट अचानक बड़ा हो गया है या कपड़े पहले से ज्यादा तंग लग रहे हैं।

3. पेट में भारीपन

यदि खाना खाने के कई घंटे बाद भी ऐसा लगे कि भोजन अभी तक पेट में पड़ा है, तो यह संकेत हो सकता है कि आपका शरीर उस भोजन को आसानी से नहीं संभाल पा रहा। हालांकि पेट में भारीपन के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं, लेकिन यदि यह समस्या केवल कुछ विशेष खाद्य पदार्थों के बाद ही होती है, तो खाद्य असहिष्णुता भी एक संभावित कारण हो सकती है।

4. बार-बार दस्त या कब्ज

कुछ प्रकार की खाद्य असहिष्णुता में अपचा हुआ भोजन आंतों में अधिक पानी खींच सकता है, जिससे दस्त हो सकते हैं। दूसरी ओर, कुछ लोगों में वही भोजन आंतों की सामान्य गति को प्रभावित कर कब्ज की समस्या पैदा कर सकता है। इसलिए एक ही कारण अलग-अलग लोगों में अलग तरह के लक्षण पैदा कर सकता है।

हर सप्लीमेंट फायदेमंद नहीं! 7 मिथक और उनके पीछे का सच

5. पेट में मरोड़ या ऐंठन

जब आंतों में अधिक गैस बनती है या कोई भोजन आंतों को परेशान करता है, तो वहां की मांसपेशियां अधिक सिकुड़ने लगती हैं। इससे पेट में मरोड़, ऐंठन या दर्द महसूस हो सकता है। यह दर्द अक्सर भोजन करने के कुछ समय बाद शुरू होता है और गैस निकलने या मल त्याग के बाद कुछ राहत मिल सकती है।

6. बार-बार डकार या एसिडिटी

यदि कोई भोजन ठीक से नहीं पचता, तो पेट और आंतों में गैस बढ़ सकती है। इससे डकारें अधिक आने लगती हैं। कुछ लोगों में यह स्थिति एसिड रिफ्लक्स (Acid Reflux) या सीने में जलन को भी बढ़ा सकती है। हालांकि हर एसिडिटी का कारण खाद्य असहिष्णुता नहीं होता, लेकिन यदि यह हर बार किसी विशेष भोजन के बाद ऐसा हो, तो इसकी जांच करानी चाहिए।

7. हर बार एक ही भोजन के बाद समस्या होना

यह सबसे महत्वपूर्ण संकेत है। यदि हर बार दूध पीने के बाद पेट खराब होता है, लेकिन दाल खाने पर नहीं, या हर बार राजमा खाने के बाद गैस बनती है लेकिन अन्य भोजन से नहीं, तो यह एक पैटर्न (Pattern) है। डॉक्टर भी निदान के दौरान ऐसे पैटर्न पर विशेष ध्यान देते हैं। इसलिए फूड डायरी रखना काफी मददगार हो सकता है। जिससे पता चले की किस भोजन को शरीर सहन नहीं कर पा रहा है।

सुबह उठते ही थकान क्यों रहती है? ये एक कमी कारण हो सकती है

कुछ लोगों में दिखने वाले अन्य संभावित लक्षण

खाद्य असहिष्णुता (Food Intolerance) के सबसे सामान्य लक्षण पाचन तंत्र से जुड़े होते हैं। हालांकि, कुछ लोगों में इसके अलावा भी कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह ध्यान रखना जरूरी है कि ये लक्षण केवल Food Intolerance के कारण ही हों, ऐसा आवश्यक नहीं है। इनके पीछे कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।

1. सिरदर्द या माइग्रेन

कुछ लोगों में कुछ विशेष खाद्य पदार्थ, जैसे कृत्रिम मिठास, मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG), कैफीन या कुछ अन्य खाद्य घटक, सिरदर्द या माइग्रेन को ट्रिगर कर सकते हैं। यदि हर बार किसी खास भोजन के बाद सिरदर्द होता है, तो यह संयोग नहीं भी हो सकता। हालांकि, सिरदर्द के कई अन्य कारण भी होते हैं, इसलिए इसका सही कारण जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना उचित है।

2. अत्यधिक थकान या सुस्ती

कुछ लोग बताते हैं कि किसी विशेष भोजन के बाद उन्हें असामान्य थकान, सुस्ती या काम करने की इच्छा में कमी महसूस होती है। इसका सटीक कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जाता है कि पाचन संबंधी परेशानी या शरीर की संवेदनशील प्रतिक्रिया इसमें भूमिका निभा सकती है। यदि यह लक्षण बार-बार एक ही भोजन के बाद दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

पेट को स्वस्थ रखने वाले अच्छे बैक्टीरिया कैसे बढ़ाएँ?

3. ध्यान लगाने में कठिनाई (Brain Fog)

कुछ लोगों को भोजन के बाद दिमाग भारी लगना, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, सोचने में सुस्ती या भूलने जैसा महसूस हो सकता है। इसे सामान्य भाषा में ब्रेन फॉग (Brain Fog) कहा जाता है। हालांकि यह किसी बीमारी का नाम नहीं है और इसके पीछे नींद की कमी, तनाव, हार्मोनल बदलाव या अन्य चिकित्सीय कारण भी हो सकते हैं।

4. त्वचा संबंधी समस्याएं

कुछ मामलों में लोगों को किसी विशेष भोजन के बाद त्वचा पर खुजली, लाल चकत्ते या एक्जिमा जैसी समस्याएं बढ़ती हुई महसूस हो सकती हैं। हालांकि, ऐसे लक्षण Food Allergy में अधिक आम होते हैं, इसलिए केवल त्वचा की समस्या देखकर इसे Food Intolerance मान लेना सही नहीं है। यदि ऐसे लक्षण बार-बार दिखाई दें, तो विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।

क्या हर गैस या पेट फूलना Food Intolerance होता है?

नहीं ऐसा नहीं है। गैस या पेट फूलने के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं, जैसे- बहुत जल्दी-जल्दी खाना, ज्यादा तला-भुना भोजन, कब्ज, इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS), एसिडिटी, पाचन संबंधी अन्य बीमारियां, इसलिए केवल लक्षण देखकर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।

बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भोजन बंद नहीं कर देना चाहिए? सोशल मीडिया या इंटरनेट पर पढ़कर दूध, गेहूं या अन्य महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ पूरी तरह बंद करना सही नहीं है। इससे पोषण की कमी हो सकती है। यदि किसी भोजन से परेशानी का संदेह हो, तो डॉक्टर या पंजीकृत डाइटिशियन की सलाह लें।

कैसे पता करें कि समस्या किस भोजन से हो रही है?

1. फूड डायरी बनाएं

रोज लिखें- क्या खाया?, कितनी मात्रा में खाया?, कितने समय बाद समस्या हुई?, क्या लक्षण हुए? कुछ सप्ताह बाद आपको एक पैटर्न दिखाई दे सकता है।

2. डॉक्टर की सलाह से Elimination Diet अपनाएं

संदिग्ध भोजन को कुछ समय के लिए हटाया जाता है और बाद में धीरे-धीरे दोबारा शामिल करके देखा जाता है कि लक्षण लौटते हैं या नहीं। लेकिन यह डॉक्टर से पूछ कर ही करना चाहिए।

3. जरूरत पड़ने पर जांच

डॉक्टर आपकी समस्या के अनुसार कुछ जांचें सुझा सकते हैं, जैसे- Lactose Breath Test, Celiac Disease से संबंधित जांच, अन्य आवश्यक परीक्षण। ध्यान रखें कि हर प्रकार की Food Intolerance के लिए एक ही टेस्ट उपलब्ध नहीं है।

सुबह खाली पेट भूलकर भी न खाएं ये 7 चीजें, वरना होगी समस्याएं

खाद्य असहिष्णुता होने पर क्या करें?

  •  धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाएं।
  •  समस्या पैदा करने वाले भोजन की पहचान करें।
  •  एक साथ बहुत अधिक मात्रा में वही भोजन न खाएं।
  •  संतुलित आहार लें।
  •  पर्याप्त पानी पिएं।
  •  बिना सलाह के बार-बार गैस या अपच की दवा लेने से बचें।

निष्कर्ष

हर बार किसी विशेष भोजन के बाद गैस, पेट फूलना, भारीपन या पेट दर्द होना सामान्य बात नहीं है। यह खाद्य असहिष्णुता (Food Intolerance) का संकेत हो सकता है, लेकिन इसके पीछे अन्य पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।

अपने शरीर के संकेतों को समझें, भोजन और लक्षणों पर ध्यान दें और बार-बार समस्या होने पर स्वयं इलाज करने के बजाय विशेषज्ञ से सलाह लें। सही पहचान होने पर अधिकांश लोग अपनी दिनचर्या और खानपान में छोटे-छोटे बदलाव करके काफी राहत पा सकते हैं।

FAQ

1. क्या Food Intolerance हमेशा जीवनभर रहती है?
जरूरी नहीं। कुछ प्रकार लंबे समय तक रह सकते हैं, जबकि कुछ स्थितियों में कारण का उपचार होने पर लक्षण कम हो सकते हैं।

2. क्या Food Intolerance और Food Allergy एक ही हैं?
नहीं। Food Allergy प्रतिरक्षा तंत्र से जुड़ी होती है, जबकि Food Intolerance आमतौर पर पाचन या भोजन के प्रति संवेदनशीलता से संबंधित होती है।

3. क्या दही भी लैक्टोज़ असहिष्णु वाले लोगों को समस्या दे सकता है?
कुछ लोगों को दही दूध की तुलना में बेहतर सहन हो जाता है, लेकिन यह व्यक्ति-व्यक्ति पर निर्भर करता है।

4. क्या हर गैस बनने का मतलब Food Intolerance है?
नहीं। गैस बनने के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। यदि समस्या बार-बार और एक ही भोजन के बाद होती है, तो इसकी जांच कराना उचित है।

यदि आपको ये लेख पसंद आया हो तो इसे शेयर करें। 

https://www.highspeedtraining.co.uk/hub/what-is-a-food-intolerance/

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top