डायबिटीज में सही आहार से कैसे रखें शुगर कंट्रोल: पूरी गाइड

Spread the love

डायबिटीज में सही आहार से कैसे रखें शुगर कंट्रोल: पूरी गाइड

Sugar control diet in Hindi

डायबिटीज आज के समय की सबसे आम लेकिन सबसे गलत समझी जाने वाली बीमारियों में से एक है। अक्सर लोग इसे सिर्फ “मीठी बीमारी” मान लेते हैं और सोचते हैं कि बस चीनी छोड़ देने से सब ठीक हो जाएगा।

लेकिन सच्चाई यह है कि डायबिटीज केवल चीनी से नहीं, बल्कि हमारी पूरी खान-पान और जीवनशैली से जुड़ी हुई समस्या है। भारत में 10 करोड़ से अधिक लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं और लगभग 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटिक हैं।

इनमें से अधिकांश लोगों को यह स्पष्ट नहीं होता कि उन्हें क्या खाना चाहिए और क्या नहीं। गलत जानकारी के कारण या तो लोग जरूरत से ज़्यादा पाबंदियाँ लगा लेते हैं, या फिर लापरवाही में ऐसी चीजें खाते रहते हैं जो धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुँचाती हैं।

यह आर्टिकल डायबिटीज को डर की तरह नहीं, बल्कि समझदारी से मैनेज की जाने वाली स्थिति के रूप में देखने में आपकी मदद करेगा।

थायरॉइड में क्या खाएँ और क्या न खाएँ: पूरी गाइड

डायबिटीज क्या है

डायबिटीज वह स्थिति है जिसमें शरीर में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से अधिक हो जाता है। इसका मुख्य कारण होता है इंसुलिन हार्मोन का कम बनना या सही तरीके से काम न करना। इंसुलिन अग्न्याशय (Pancreas) में बनता है और खून में मौजूद शुगर को शरीर की कोशिकाओं तक पहुँचाने का काम करता है। जब यह हार्मोन पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता या बना हुआ इंसुलिन अपना काम ठीक से नहीं कर पाता, तो ब्लड शुगर बढ़ने लगती है।

जब इंसुलिन का संतुलन बिगड़ता है, तो शुगर खून में ही जमा होने लगती है। यही बढ़ी हुई शुगर लंबे समय में आँखों, किडनी, दिल, नर्व्स और दिमाग को नुकसान पहुँचा सकती है। यही कारण है कि डायबिटीज में दवाओं के साथ-साथ खान-पान सबसे अहम भूमिका निभाता है। आप जो खाते हैं, वही तय करता है कि आपकी शुगर स्थिर रहेगी या बार-बार बढ़ेगी।

डायबिटीज में सही आहार का उद्देश्य क्या होना चाहिए?

डायबिटीज में खाने का मकसद यह नहीं होता कि आप भूखे रहें या स्वाद छोड़ दें। सही डाइट का उद्देश्य होता है-

  •  ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोकना
  •  शरीर को लगातार ऊर्जा देना
  •  बार-बार भूख लगने से बचाना
  •  दवाओं पर निर्भरता कम करना
  •  भविष्य की जटिलताओं से बचाव करना

जब भोजन संतुलित होता है, तो शरीर खुद बेहतर तरीके से शुगर को संभालने लगता है।

युवा दिल, बढ़ता खतरा: 40 से कम उम्र में हार्ट अटैक क्यों?

डायबिटीज में क्या खाना चाहिए?

डायबिटीज में ऐसा भोजन सबसे अच्छा माना जाता है जो धीरे-धीरे पचता है और ब्लड शुगर को अचानक नहीं बढ़ाता।

1. साबुत अनाज (Whole Grains)

सबसे पहले बात करें अनाज की। डायबिटीज में साबुत अनाज का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। ज्वार, बाजरा, रागी, जौ और ओट्स जैसे अनाज में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे शुगर धीरे-धीरे खून में जाती है। सफेद चावल की तुलना में ब्राउन राइस बेहतर विकल्प है, लेकिन उसकी मात्रा भी सीमित रखनी चाहिए।

2. हरी सब्ज़ियाँ – डायबिटीज की दोस्त

सब्ज़ियाँ डायबिटीज के रोगियों के लिए सबसे सुरक्षित और ज़रूरी भोजन मानी जाती हैं। खासकर हरी सब्ज़ियाँ जैसे लौकी, तोरी, करेला, भिंडी, पालक, मेथी, पत्तागोभी और फूलगोभी। इनमें कैलोरी कम और फाइबर ज़्यादा होता है, जिससे पेट भरा रहता है और शुगर कंट्रोल में रहती है।

3. दालें और प्रोटीन

प्रोटीन डायबिटीज में अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है, जबकि यह बेहद ज़रूरी पोषक तत्व है। दालें, चना, राजमा (सीमित मात्रा में), सोयाबीन, पनीर, अंडा और मछली  शरीर को ताकत देता है, भूख कम करता है और ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है।

कम भोजन करना क्या सच में ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक है?

4. फल समझदारी से खाएं

फल को लेकर सबसे ज़्यादा भ्रम होता है। बहुत से लोग सोचते हैं कि डायबिटीज में फल पूरी तरह मना हैं, जबकि यह सच नहीं है। सेब, अमरूद, पपीता, नाशपाती, जामुन और संतरा जैसे फल सीमित मात्रा में सुरक्षित होते हैं। ध्यान रखने वाली बात यह है कि फल पूरा खाया जाए, जूस नहीं, और एक समय में एक ही फल लिया जाए। केला, आम, अंगूर, लीची, चीकू आदि से बचें।

5. हेल्दी फैट (Healthy Fats)

वसा यानी फैट को भी पूरी तरह छोड़ना सही नहीं है। सरसों का तेल, मूंगफली का तेल, जैतून का तेल, अलसी के बीज, चिया सीड्स, अखरोट और बादाम जैसे हेल्दी फैट शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं, बशर्ते इन्हें सीमित मात्रा में लिया जाए। रिफाइंड तेल, ट्रांस फैट और ज्यादा घी / मक्खन ना खाएं।

चिया सीड्स के लिए देखें – https://amzn.to/4tdXV5n

Sugar control diet in Hindi

डायबिटीज में क्या नहीं खाना चाहिए?

डायबिटीज में कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें जितना कम किया जाए, उतना बेहतर है।

1. चीनी और मीठी चीजें

सबसे पहले बात आती है चीनी और मीठे पदार्थों की। मिठाइयाँ, केक, पेस्ट्री, चॉकलेट, जैम, शहद और गुड़- ये सभी ब्लड शुगर को तेज़ी से बढ़ाते हैं। “थोड़ा सा चलेगा” वाली सोच डायबिटीज में खतरनाक साबित हो सकती है। मीठे पेय पदार्थ जैसे कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और एनर्जी ड्रिंक डायबिटीज में बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं माने जाते।

साइलेंट महामारी: लोगों में विटामिन D3 और B12 की कमी

2. मैदा और प्रोसेस्ड फूड

मैदा और प्रोसेस्ड फूड भी डायबिटीज के दुश्मन माने जाते हैं। ब्रेड, बिस्किट, नूडल्स, पिज़्ज़ा, बर्गर और पैकेट वाले स्नैक्स शरीर में शुगर को अचानक बढ़ाते हैं और इंसुलिन पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं।

3. तला-भुना और जंक फूड

तला-भुना और जंक फूड न सिर्फ शुगर बढ़ाता है, बल्कि वजन भी बढ़ाता है, जिससे डायबिटीज और बिगड़ सकती है। समोसा, पकौड़े, पूड़ी, कचौड़ी, नमकीन, चिप्स और फ्रेंच फ्राइज़ जैसी चीजों से जितना दूर रहें, उतना अच्छा है।

डायबिटीज में खाने का सही तरीका क्या है?

सिर्फ क्या खाना है, यही नहीं, कैसे और कब खाना है, यह भी उतना ही ज़रूरी है।

  • दिन में बहुत ज़्यादा अंतराल रखकर खाना शुगर को बिगाड़ सकता है।
  • बेहतर होता है कि दिन में 5–6 छोटे मील लिए जाएँ।
  • प्लेट का आधा हिस्सा सब्ज़ियों से, एक चौथाई प्रोटीन से और एक चौथाई अनाज से भरा होना चाहिए।
  • खाना हमेशा तय समय पर लें और लंबे समय तक भूखे न रहें।
  • रात का खाना हल्का और जल्दी लेना डायबिटीज कंट्रोल में बेहद मददगार होता है।

दिल को स्वस्थ रखने व कोलेस्ट्रॉल घटाने वाले 11 ज़रूरी फूड्स

डायबिटीज के लिए परफेक्ट डेली डाइट चार्ट

(ब्लड शुगर कंट्रोल, एनर्जी और संतुलन के लिए)

सुबह उठते ही (6:00 – 7:00 AM)

सुबह खाली पेट कुछ ऐसा लेना चाहिए जो पाचन को एक्टिव करे और शुगर को अचानक न बढ़ाए।

  • 1 गिलास गुनगुना पानी
  •  5–6 भीगे हुए बादाम या 2 अखरोट के टुकड़े
  •  चाहें तो 1 चम्मच अलसी या चिया सीड्स
  • इससे इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर होती है।

सुबह का नाश्ता (8:00 – 9:00 AM)

नाश्ता डायबिटीज में सबसे ज़रूरी मील होता है। जिसे बहुत से लोग जरुरी नहीं समझते। यहाँ कुछ हेल्दी विकल्प दिए जा रहे हैं –

 1: 2 मल्टीग्रेन रोटी (ज्वार/बाजरा/रागी),  1 कटोरी सब्ज़ी, 1 कटोरी दही

 2: वेजिटेबल ओट्स / दलिया,  साथ में उबला अंडा या पनीर

 3: मूंग दाल या बेसन का चीला, हरी चटनी (बिना चीनी)

मीठा, ब्रेड, बिस्किट या जूस न लें।

मिड-मॉर्निंग स्नैक (11:00 – 11:30 AM)

इस समय हल्का लेकिन पोषणयुक्त खाना ज़रूरी है। इसे भी लोग जरुरी नहीं समझते जो की गलत है।

1 फल (सेब / अमरूद / पपीता / नाशपाती) या नारियल पानी (सीमित मात्रा)। एक समय में एक ही फल, जूस नहीं।

दोपहर का खाना (1:30 – 2:30 PM)

दोपहर का भोजन संतुलित होना चाहिए, भारी नहीं।

2 मल्टीग्रेन रोटी या 1 कटोरी ब्राउन राइस, 1 कटोरी दाल / राजमा / चना, 1 कटोरी हरी सब्ज़ी, कच्चा सलाद, 1 छोटी कटोरी दही

पेट भरकर नहीं, बल्कि संतुलित मात्रा में खाएं।

शाम का स्नैक (5:00 – 6:00 PM)

इस समय भूख लगती है और यहीं सबसे ज़्यादा गलती होती है।

सही विकल्प: भुना चना, मखाना (रोस्टेड), मूंगफली (सीमित), ग्रीन टी / नींबू पानी (बिना चीनी)

गलत विकल्प: बिस्किट, नमकीन, समोसा, चाय में चीनी

रात का खाना (7:30 – 8:30 PM)

रात का खाना जितना हल्का हो सके उतना बेहतर है।

जैसे – 1–2 रोटी, हल्की सब्ज़ी (कम तेल वाली) दाल या पनीर, सलाद। चावल, भारी दालें और तला-भुना रात में न लें।

सोने से पहले (अगर ज़रूरत हो)

अगर रात में भूख लगे तो 1 गिलास हल्दी वाला गुनगुना दूध (बिना चीनी) या 2 अखरोट लें। भूख ना लगने पर कुछ न खाना ही बेहतर होगा।

पेट के अच्छे बैक्टीरिया: प्रोबायोटिक्स को हम कैसे बढ़ाएँ

डायबिटीज डाइट से जुड़े 5 ज़रूरी नियम

  1.  खाने का समय रोज़ लगभग एक जैसा रखें
  2. लंबे समय तक भूखे न रहें
  3. पानी भरपूर पिएँ
  4. मीठा और प्रोसेस्ड फूड “रोज़” नहीं
  5. खाने के बाद रोज 15–25 मिनट टहलने की आदत बनाएं
  6. नींद पूरी लेना और नियमित शुगर जाँच

महत्वपूर्ण नोट: यह डाइट चार्ट टाइप 2 डायबिटीज के अधिकतर मरीजों के लिए उपयुक्त है। अगर कोई व्यक्ति इंसुलिन ले रहा है, गर्भवती है या अन्य बीमारी है, तो डाइट डॉक्टर से कस्टमाइज़ करानी चाहिए।

निष्कर्ष

डायबिटीज कोई ऐसी बीमारी नहीं है जिसमें जीवन से स्वाद, आनंद और सामान्यता खत्म हो जाए। यह सिर्फ एक संकेत है कि अब शरीर को थोड़ा ज़्यादा ध्यान, अनुशासन और समझदारी चाहिए। जब आप सही भोजन चुनते हैं, तो आप सिर्फ शुगर कंट्रोल नहीं करते, बल्कि भविष्य की कई गंभीर बीमारियों से खुद को बचाते हैं।

आप क्या खाते हैं- यही तय करता है कि डायबिटीज आपके कंट्रोल में रहेगी या आप डायबिटीज के कंट्रोल में। डायबिटीज को डर नहीं, समझदारी से हराया जा सकता है। सही जानकारी + सही डाइट = बेहतर और लंबा जीवन

यदि आपको ये ब्लॉग जानकारी पूर्ण लगा है तो इसे अन्य लोगों तक पहुचायें और उनकी मदद करें। 

https://www.apollohospitals.com/hi/health-library/diabetes-indias-fastest-growing-disease

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top